ग्रीस से जर्मनी जा रही रायनएयर (Ryanair) की एक फ्लाइट में 30 हजार फीट की ऊंचाई पर बड़ा हादसा टल गया। उड़ान के दौरान विमान की एक खिड़की क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे केबिन का दबाव अचानक कम हो गया। खिड़की के पास बैठे 61 वर्षीय यात्री का सिर और कंधे बाहर की ओर निकल गए, लेकिन सीट बेल्ट बंधी होने और पत्नी व अन्य यात्रियों की सूझबूझ से उनकी जान बच गई।
अचानक टायर फटने जैसी तेज आवाज सुनाई दी
यह घटना मैसिडोनिया के ऊपर उस समय हुई, जब विमान ग्रीस के थेसालोनिकी से जर्मनी के मेमिंगेन जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री सो रहे थे। अचानक टायर फटने जैसी तेज आवाज सुनाई दी, जिसके तुरंत बाद केबिन में अफरा-तफरी मच गई।
केबिन का दबाव कम होते ही नीचे आए ऑक्सीजन मास्क
एक महिला यात्री ने बताया कि दबाव कम होते ही विमान के ऑक्सीजन मास्क अपने आप नीचे आ गए और केबिन में तेज गंध फैल गई। इसी दौरान खिड़की के पास बैठे बुजुर्ग यात्री का सिर और कंधे बाहर की ओर चले गए। उनकी पत्नी ने तुरंत उनके दोनों पैर पकड़ लिए, जबकि आसपास बैठे अन्य यात्रियों ने मिलकर उन्हें वापस अंदर खींच लिया। सीट बेल्ट बंधी होने के कारण वह विमान से बाहर नहीं गिरे।
रायनएयर के अनुसार, घायल यात्री सर्बिया का रहने वाला पर्यटक है। उसके शरीर पर जलने जैसी चोटें आई हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
ग्रीक मीडिया की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि विमान के इंजन से अलग हुए किसी पुर्जे के टुकड़े की वजह से खिड़की टूट सकती है। हालांकि, इस कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना के बाद विमान को एहतियातन वापस थेसालोनिकी एयरपोर्ट लौटाया गया, जहां उसने सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल पहुंचाया गया। एयरलाइन ने बाद में यात्रियों को मेमिंगेन पहुंचाने के लिए दूसरा विमान उपलब्ध कराया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।