ख़बरिस्तान नेटवर्क : दिल्ली से पटना जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E6497 गुरुवार को खराब मौसम के कारण अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। उड़ान के दौरान विमान को लगातार जोरदार झटके लगने लगे, जिससे यात्रियों के बीच डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यात्रियों के मुताबिक कुछ समय के लिए विमान के अंदर हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए थे। कई लोग डर के कारण चीखने लगे, जबकि कुछ यात्रियों ने प्रार्थना करना शुरू कर दिया।
इस दौरान विमान की कमान पूर्व केंद्रीय मंत्री, भाजपा सांसद और अनुभवी पायलट राजीव प्रताप रूडी संभाल रहे थे। उन्होंने स्थिति को गंभीरता से समझते हुए जोखिम भरी लैंडिंग से बचने का फैसला लिया।
जानकारी के अनुसार विमान जब पटना के करीब पहुंचा तो वहां मौसम अचानक खराब हो गया। तेज हवाओं और कम विजिबिलिटी के चलते विमान को लगातार झटके लग रहे थे। कैप्टन रूडी ने पटना एयरपोर्ट पर विमान उतारने की कई बार कोशिश की, लेकिन मौसम लगातार खराब बना रहा।
पहले वाराणसी फिर लखनऊ किया डायवर्ट
खराब मौसम को देखते हुए पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और फ्लाइट को डायवर्ट करने का फैसला लिया। पहले विमान को वाराणसी की ओर मोड़ने की कोशिश हुई, लेकिन वहां भी क्लियरेंस नहीं मिल सका। इसके बाद विमान को लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया, जहां सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
यात्रियों ने सुनाया डर का अनुभव
फ्लाइट में मौजूद यात्रियों ने बताया कि टर्बुलेंस इतना तेज था कि कई लोगों को लगा कि विमान नियंत्रण खो सकता है। अचानक लग रहे झटकों से यात्री बेहद घबरा गए थे। हालांकि पायलट लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे और यात्रियों को शांत रहने की अपील करते रहे। उनकी सूझबूझ और अनुभव की वजह से बड़ा हादसा टल गया।