ख़बरिस्तान नेटवर्क : गुरदासपुर में अस्पताल पर हुए बम ब्लास्ट मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी को तरनतारन से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान धर्मिंदर उर्फ तिंडी के रूप में हुई है जो कलानौर के अगवान गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि फिरौती न देने के कारण यह धमाका किया गया था। हालांकि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
15 मिनट अस्पताल के बाहर खड़ा था आरोपी
बम ब्लास्ट करने वाला आरोपी करीब 15 मिनट तक अस्पताल के बाहर खड़ा रहा था। तब ओपीडी के बाहर काफी ज्यादा भीड़ थी और वह उधर से इमरजैंसी वार्ड की तरफ चला गया। जहां कुछ ही लोग मौजूद थे। इमरजैंसी वार्ड से निकलते ही आरोपी ने ग्रेनेड फेंक दिया। ग्रेनेड फेंकने के बाद वह फरार हो गया।
आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस की शुरूआती जांच के मुताबिक आरोपी धर्मिंदर के खिलाफ NDPS एक्ट के मामले दर्ज हैं। हालांकि उसने किस के इशारे पर अस्पताल पर ग्रेनेड हमला किया है, पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
मंगलवार दोपहर हुआ था हमला
आपको बता दें कि 2 जून मंगलवार को करीब 3 बजे मुल्तानी अस्पताल में जोरदार धमाका हुआ था। इस धमाके में अस्पताल के शीशे और खिड़कियां तक टूट गई थीं। वहीं कई जगह पर बम के छर्रों के निशान भी पड़े मिले थे। धमाके के बाद भारी पुलिस फोर्स अस्पताल के बाहर तैनात की गई थी।