ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में रात करीब साढ़े 8 बजे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। Google Map की मदद से अपने तय स्थान की ओर जा रहा एक ट्रक गाजी-गुल्ला अंडर ब्रिज के एंट्री पॉइंट पर लगे लोहे के गार्डर से टकरा गया। टक्कर के बाद भारी गार्डर नीचे गिर गया। इस दौरान वहां से गुजर रहा एक स्कूटी सवार बाल-बाल बच गया।
बड़े वाहनों की एंट्री रोकने के लिए लगाए गए हैं गार्डर
दरअसल गाजी-गुल्ला अंडर ब्रिज की ऊंचाई कम होने के कारण प्रवेश द्वार पर लोहे के गार्डर लगाए गए हैं, ताकि बड़े और भारी वाहन अंदर प्रवेश न कर सकें। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक Google Map पर दिखाई जा रही लोकेशन के अनुसार रास्ते पर आगे बढ़ रहा था। जैसे ही ट्रक अंडर ब्रिज के पास पहुंचा, वह गार्डर से टकरा गया।
स्कूटी छोड़कर युवक ने लगाई छलांग, बचाई जान
ट्रक की टक्कर से लोहे का भारी गार्डर पास से गुजर रहे स्कूटी सवार के ऊपर गिरने लगा। खतरा देखते ही युवक ने तुरंत स्कूटी से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। हालांकि उसकी स्कूटी गार्डर के नीचे दब गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुरक्षा को देखते हुए रास्ते पर बैरिकेड्स लगाकर आवाजाही बंद कर दी। इसके बाद गिरे हुए गार्डर और ट्रक को लेकर कार्रवाई शुरू की गई।