ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के संतोखपुरा इलाके में रहने वाले करण नामक युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले में पुलिस ने प्रेमिका श्वेता, उसकी मां मीनू और भाई गगन के खिलाफ FIR दर्ज की है। जिसे लेकर आज थाना नंबर 8 के बाहर जमकर हंगामा हुआ।
गिरफ्तारी न होने पर भड़के परिजन
मामले में अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज होकर मृतक करण के परिजनों ने थाना डिवीजन नंबर 8 के बाहर जमकर प्रदर्शन और हंगामा किया। माहौल तब और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया जब आरोपी पक्ष की ओर से लड़की की मां थाने में बयान दर्ज करवाने पहुंची।
वहां पहले से मौजूद युवक के परिजनों के साथ उसका आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज शुरू हो गई। पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए भिड़ गए, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
लड़की की मां को रोकने पर हुआ हंगामा
हंगामे के बीच जब लड़की की मां अपनी एक्टिवा पर सवार होकर वहां से जाने लगी, तो मृतक के परिजनों ने उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान स्थिति काफी बिगड़ गई, हालांकि कुछ लोगों ने रास्ता खाली कराकर उसे जाने दिया। जाते समय लड़की की मां ने कथित तौर पर मृतक के परिजनों को ‘देख लेने’ की धमकी दी, जिसे युवक पक्ष ने अपने कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया।
गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा परिवार
मृतक करण के परिवार का कहना है कि पुलिस केवल बयान दर्ज करने की खानापूर्ति कर रही है, जबकि असली आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर ढीली कार्रवाई का आरोप लगाते हुए मांग की है कि श्वेता, उसकी मां और भाई को तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। परिजनों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनके बेटे को इंसाफ नहीं मिलता और दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।