जालंधर में हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
घायल आरोपी की पहचान शामदास, निवासी दरभंगा (बिहार) के रूप में हुई है, जो फिलहाल जालंधर के गढ़ा स्थित फगवाड़ी मोहल्ले में रह रहा था। उसे 4 जुलाई को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था। जांच में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) का एक अन्य मामला भी सामने आया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को उसकी निशानदेही पर अवैध हथियार बरामद करने के लिए मौके पर लाया गया था। इस दौरान वह लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा। जब पुलिस हथियार की तलाश कर रही थी, तभी आरोपी ने पुलिस हिरासत से हाथ छुड़ाकर छिपाया हुआ हथियार निकाल लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
इसके जवाब में मौके पर मौजूद एएसआई ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिससे आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने तुरंत उसे काबू कर लिया।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद किया जाने वाला हथियार पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में इस्तेमाल किया गया था। इसी हथियार से आरोपी और उसके साथी साहिल ने पहले अमरजीत नामक व्यक्ति पर भी फायरिंग की थी, जो आरोपी का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी बिहार से नशीले पदार्थ लाकर पंजाब में बेचने के नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि इस मामले में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।