ख़बरिस्तान नेटवर्क : शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया है। पार्टी का कहना है कि अगर शिक्षा मंत्री पद नहीं छोड़ते हैं तो 20 जून से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना शुरू किया जाएगा। CJP ने स्पष्ट किया है कि यह प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक मामले में जवाबदेही तय नहीं की जाती।
कई शहरों में होंगे विरोध प्रदर्शन
पार्टी ने बुधवार को जारी अपने बयान में देश के विभिन्न शहरों में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा भी की है। आंदोलन की शुरुआत 11 जून को पुणे से की जाएगी। इसके बाद लखनऊ, अमृतसर, बेंगलुरु, जयपुर और हैदराबाद समेत कई शहरों में प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर उठाए सवाल
CJP का आरोप है कि परीक्षा आयोजन में हुई कथित गड़बड़ियों और बार-बार सामने आई अनियमितताओं के कारण लाखों छात्रों और उनके परिवारों का भविष्य प्रभावित हुआ है। पार्टी का कहना है कि इन मामलों में पर्याप्त जवाबदेही तय नहीं की गई है।
धर्मेंद्र प्रधान पर जिम्मेदारी न लेने का आरोप
पार्टी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली से जुड़े विवादों और कथित विफलताओं की जिम्मेदारी लेने में वह असफल रहे हैं। इसी वजह से CJP ने उनके इस्तीफे की मांग दोहराते हुए आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।