ख़बरिस्तान नेटवर्क : NEET पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन अब पंजाब के जालंधर तक पहुंच गया है। शहर में बड़ी संख्या में Gen-Z छात्र डीसी ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कथित तौर पर जान गंवाने वाले 21 NEET अभ्यर्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई।
जब तक इस्तीफा नहीं, तब तक आंदोलन जारी
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि जब तक शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों ने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदर्शन के चलते प्रशासन और पुलिस अलर्ट
छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। डीसी कॉम्प्लेक्स और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस बल को भी संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। अधिकारियों ने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील भी की है।
किसानों ने भी दिया छात्रों को समर्थन
उधर, किसानों ने भी छात्रों के आंदोलन का समर्थन करने का ऐलान किया है। किसान नेता जोगिंदर उगराहां ने कहा कि 27 जुलाई को किसान छात्रों के समर्थन में दिल्ली कूच करेंगे। उन्होंने छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया।