ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के नकोदर में एसडीएम कोर्ट के बाहर अचानक रोडवेज बस का अगला टायर निकल गया। टायर उछलकर सड़क किनारे खड़ी एक स्विफ्ट कार से जा टकराया। अचानक टायर निकलने के बाद बस में बैठी सवारियों में हड़कंप मच गया। पर गनीमत रही कि इस हादसे में किसी का जानी नुकसान नहीं हुआ।
बस 20 फीट तक निकली आगे
जानकारी देते हुए बस ड्राइवर यशपाल सिंह ने बताया बियरिंग टूटने के कारण अचानक बस का टायर निकल गया। वहीं सवारियों ने बताया कि टायर निकलने के बाद करीब बस 20 फीट तक घसीटते हुए आगे निकल गई। हालांकि बस में सवार सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। पर इस दौरान सड़क पर काफी ज्यादा ट्रैफिक जाम लग गया।
कार मालिक ने नुकसान का भरपाई की मांग की
वहीं स्विफ्ट कार मालिक की पहचान सतपाल के रूप में हुई है। वह SDM कोर्ट में किसी काम से आए थे और उन्होंने अपनी कार बाहर खड़ी की थी। कार चालक कुलविंदर सिंह उस समय गाड़ी से बाहर दूसरी तरफ खड़े थे, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे को लेकर कार मालिक ने मौके पर ही नुकसान की भरपाई की मांग की। वहीं घटना की सूचना मिलेत ही पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई।