ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना में एक बार फिर से धमकी मिली है। इस बार डीसी ऑफिस, नगर निगम ऑफिस और रेलवे लाइन को ह्यूमन बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। मेल मिलने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया और डीसी दफ्तर, नगर निगम दफ्तर में हर आने जाने वाले पर नजर रखनी शुरू कर दी है। हालांकि तब भी कुछ नहीं निकला था। फिर भी प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।
सुबह-सुबह मिली धमकी की मेल
जानकारी के मुताबिक प्रशासन को सुबह 9 बजकर 38 मिनट पर धमकी वाली ईमेल मिली थी। यह धमकी भरा ईमेल लुधियाना के डीसी ऑफिस और नगर निगम के आधिकारिक इनबॉक्स में मिला। ईमेल भेजने वाले ने दावा किया है कि सरकारी परिसरों के भीतर बम प्लांट किए गए हैं, जो किसी भी समय फट सकते हैं। ईमेल मे काफी ज्यादा आपत्तिजनक और माहौल खराब करने वाली बातें भी लिखीं गई हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
धमकी मिलने के तुरंत बाद प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से तुरंत कदम उठाते हुए बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमों को तैनात कर दिया। पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि यह ईमेल कहां से जनरेट हुआ है और इसके पीछे किसी शरारती तत्व का हाथ है या वाकई कोई बड़ी साजिश रची जा रही है।