ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 20 से 22 जून तक तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर रहेंगे। अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला पंजाब दौरा होगा, जिसे आगामी चुनावों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
अमृतसर से होगी दौरे की शुरुआत
जानकारी के अनुसार नितिन नबीन अपने पंजाब दौरे की शुरुआत अमृतसर से करेंगे। 20 जून को अमृतसर पहुंचने के बाद वह सबसे पहले श्री दरबार साहिब में माथा टेककर आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद दुर्ग्याणा मंदिर और जलियांवाला बाग का भी दौरा कर सकते हैं।
धार्मिक स्थलों पर मत्था टेकने के बाद नितिन नबीन पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान संगठन की मजबूती, आगामी रणनीति और जमीनी हालात पर चर्चा की जाएगी।
अंतिम रूप दिया जा रहा कार्यक्रम
भाजपा नेताओं के मुताबिक दौरे का कार्यक्रम अभी प्रस्तावित है और इसकी रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। हालांकि पार्टी संगठन ने इस दौरे को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी नेतृत्व इस दौरे को पंजाब में भाजपा की चुनावी तैयारियों का अहम हिस्सा मान रहा है।