पंजाब के फिरोजपुर निवासी और ‘महाबली शेरा’ के नाम से मशहूर रेसलर अमनप्रीत सिंह ने अमेरिका के लास वेगास में आयोजित पावर स्लैप 21 प्रतियोगिता में शानदार जीत दर्ज कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया। 10 जुलाई 2026 को हुए इस मुकाबले में शेरा ने WWE के पूर्व वर्ल्ड हेवीवेट चैंपियन जैक हेजर को तीसरे राउंड में एक जोरदार थप्पड़ से नॉकआउट कर दिया।
मुकाबले की शुरुआत में जैक हेजर का दबदबा रहा। पहले दो राउंड के बाद वह अंकों के आधार पर आगे थे। हालांकि तीसरे राउंड में शेरा ने जबरदस्त वापसी करते हुए ऐसा थप्पड़ जड़ा कि हेजर कुछ ही सेकेंड में मंच पर गिर पड़े। रेफरी ने उन्हें नॉकआउट घोषित करते हुए शेरा को विजेता घोषित कर दिया।
जीत के बाद शेरा ने मंच पर अपनी टी-शर्ट उतारकर जोशीले अंदाज में जश्न मनाया। इसके बाद उन्होंने अपनी पीठ पर तिरंगा ओढ़कर दर्शकों का अभिवादन किया। इस शानदार जीत के साथ जैक हेजर को अपने कॉम्बैट स्पोर्ट्स करियर की पहली नॉकआउट हार का सामना करना पड़ा।
तिरंगे के साथ एंट्री, दिलजीत के गाने पर गूंजा स्टेडियम
शेरा ने स्टेडियम में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के लोकप्रिय गीत ‘बदले जट्टां दे पुत्त’ पर एंट्री की। उनकी पीठ पर तिरंगा था, जिसे उन्होंने मंच पर पहुंचकर सम्मानपूर्वक माथे से लगाया। स्टेडियम में ‘शेरा-शेरा’ के नारों से माहौल गूंज उठा।
तीसरे राउंड में पलटा पूरा मुकाबला
पहले और दूसरे राउंड में जैक हेजर ने बढ़त बनाई हुई थी, लेकिन निर्णायक तीसरे राउंड में शेरा ने पूरी ताकत से ऐसा थप्पड़ मारा कि हेजर संतुलन खोकर मंच पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। रेफरी ने तुरंत मुकाबला रोकते हुए शेरा को विजेता घोषित कर दिया।
पहले भी कई बड़े मंचों पर दिखा चुके हैं दम
अमनप्रीत सिंह उर्फ महाबली शेरा इससे पहले TNA रेसलिंग, WWE NXT और OVW हेवीवेट जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। अब पावर स्लैप 21 में इस यादगार जीत के बाद उन्होंने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में अपनी मजबूत पहचान बना ली है।