ख़बरिस्तान नेटवर्क : मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार को बड़ा हादसा होने से टल गया। दरअसल एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रैस के 2 प्लेन एक ही रनवे पर अचानक आमने-सामने आ गए। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के निर्देश के कारण टेक ऑफ रन रोक दिया गया, जिस कारण बड़ा हादसा होने से बच गया।
मंगलवार रात 10 बजे की है घटना
जानकारी के मुताबिक यह घटना मंगलवार रात 10 बजे की है। दरअसल एयर इंडिया एक्सप्रैस प्लेन लैंडिंग के बाद से रनवे से हटा ही नहीं था। इसी दौरान दिल्ली जाने के लिए एयर इंडिया का प्लेन उसी रनवे पर टेकऑफ करने के लिए आ गया। समय रहते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने इसे देख लिया और बड़ा हादसा होने से बचा लिया।
यात्रियों की संख्या का खुलासा नहीं
फिलहाल दोनों प्लेन में कितने यात्री सवार थे, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। एयरलाइन ने कहा कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी आवश्यक जांच पूरी होने के बाद ही प्लेन को दोबारा परिचालन में लाया जाएगा।