अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने पहली बार भारत से जुड़े संगठित अपराध नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ और जग्गू भगवानपुरिया को अपने आरोप पत्र में शामिल किया है। अमेरिका, कनाडा और यूरोप में संयुक्त अभियान के दौरान 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कुल 37 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
सभी को 10-10 साल तक की सजा !
FBI ने लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर खालिस्तान समर्थक हरदीप सिंह निज्जर हत्याकांड की साजिश रचने का आरोप लगाया है। आरोपियों की सूची में रोहित गोदारा समेत कई अन्य सहयोगियों के नाम भी शामिल हैं। दोषी साबित होने पर सभी को 10-10 साल तक की सजा हो सकती है।
जांच एजेंसी के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई भारत की जेल में बंद होने के बावजूद अपने अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का संचालन कर रहा है। उसके सहयोगी अमेरिका, कनाडा और यूरोप में टारगेट किलिंग, रंगदारी और ड्रग तस्करी जैसी गतिविधियों को अंजाम देते रहे हैं।
गिरफ्तारी पर $50,000 के इनाम का ऐलान
अमेरिकी अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि वे जल्द ही भारत सरकार से लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया और मामले में नामित पुलिस अधिकारी पुंदरप्रीत सिंह के प्रत्यर्पण की मांग कर सकते हैं। वहीं, FBI ने गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए 50 हजार अमेरिकी डॉलर का इनाम भी घोषित किया है।
FBI के बड़े खुलासे
FBI और अमेरिकी फेडरल अधिकारियों ने बताया कि कई वर्षों से भारत से जुड़े इस ट्रांसनेशनल ऑर्गेनाइज्ड क्राइम नेटवर्क की अंतरमहाद्वीपीय जांच चल रही थी। इसी जांच के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में 50 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई, जहां से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और कई हथियार बरामद किए गए।
जांच के मुताबिक, भारत में बैठा लॉरेंस बिश्नोई पूरे नेटवर्क का संचालन करता था। उत्तरी अमेरिका में नेटवर्क की कमान गोल्डी बराड़ और यूरोप में रोहित गोदारा संभाल रहा था। हालांकि इन गैंग लीडरों के बीच मतभेद की खबरें सामने आई हैं, लेकिन अमेरिकी एजेंसियों का दावा है कि वे लंबे समय तक मिलकर काम करते रहे।
आरोप पत्र में जग्गू भगवानपुरिया को भी ड्रग तस्करी, वसूली और टारगेट किलिंग जैसे अपराधों में सक्रिय बताया गया है। एजेंसियों का आरोप है कि यह नेटवर्क उत्तर अमेरिका और यूरोप में सिख समुदाय के लोगों से रंगदारी वसूलने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नशा तस्करी का संचालन करता था।
जांच में यह भी दावा किया गया है कि नेटवर्क ने भारत के कुछ भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों का भी इस्तेमाल किया। आरोप है कि पंजाब के एक पुलिस अधिकारी पुंदरप्रीत सिंह के माध्यम से कैलिफोर्निया में रहने वाले एक व्यक्ति से 4 लाख अमेरिकी डॉलर की फिरौती मांगी गई और उसके पंजाब स्थित परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत कार्रवाई
कनाडा की RCMP के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत की गई, जिसका उद्देश्य भारत से जुड़े अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क को ध्वस्त करना है। अब इस मामले में संभावित प्रत्यर्पण अनुरोध पर भारत सरकार के रुख पर सभी की नजरें टिकी हैं।