ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर के गोल्डन गेट पर आज ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने एक बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दोपहर में स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकने के बाद सीधे प्रदर्शन स्थल का रुख किया।
गोल्डन गेट पर जुटी समर्थकों की भारी भीड़ को संबोधित करते हुए दीपके ने दावा किया कि अमृतसर में किया जा रहा यह आंदोलन पुणे और दिल्ली के प्रदर्शनों से भी अधिक व्यापक और प्रभावी होगा।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने की जमकर नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान मंच से पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं ने जमकर नारेबाजी की। समर्थकों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई और ‘कॉकरोच जनता पार्टी जिंदाबाद’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
गौरतलब है कि इस प्रदर्शन के लिए अभिजीत दीपके ने डीसीपी (लॉ एंड ऑर्डर) आलम विजय से ऑनलाइन माध्यम से शाम 4 बजे से 7 बजे तक की औपचारिक अनुमति पहले ही प्राप्त कर ली थी।
बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस बल को बड़ी संख्या में तैनात किया गया है और प्रदर्शन शुरू होने से पहले पूरे इलाके की गहन जांच की गई।