जालंधर के न्यू दशमेश नगर में देर रात दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प के दौरान फायरिंग में एक की रात को ही मौत हो गई थी। जबकिदूसरे नौजवान ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सौरभ के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, साथ ही 2 दोषियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी सिटी-2 राकेश यादव ने बताया कि पुलिस को देर रात न्यू दशमेश नगर में फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना भार्गव कैंप के एसएचओ और एसीपी आतिश भाटिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 8 से 9 युवक बाइक और एक्टिवा पर सवार होकर सौरभ पर हमला करने पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार एक दिन पहले भी सौरभ और कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने दोबारा हमला किया, जो खूनी संघर्ष में बदल गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर 3 से 4 विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा वारदात में इस्तेमाल वाहन भी जब्त कर लिया गया है। एडीसीपी राकेश यादव ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।