ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के मोगा में एक बिजनेसमैन की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गैरी के रूप में हुई है जो धर्मकोट का रहने वाला था। स्कॉर्पियो कार में उसका शव खून से लथपथ पड़ा हुआ मिला।
रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाता था
जानकारी के मुताबिक धर्मकोट में गुरप्रीत गैरी क्लेक्शन की नाम से कपड़ों की रेडीमेड दुकान चलाता था। वह घर से कहकर निकला था कि वह कार वॉश करवाने जा रहा है। जब काफी देर तक वह नहीं लौटा तो परिजनों ने फोन करना शुरू किया। बार-बार फोन करने पर जवाब नहीं मिला तो परिजनों ने ढूंढना शुरू कर दिया।
दुकान के कर्मचारी को मिला शव
दुकान का एक कर्मचारी मौके पर पहुंचा, जहां गुरप्रीत अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में मृत अवस्था में मिला। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उसी गाड़ी में मोगा के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जान से मारने की मिल चुकी थी धमकियां
वहीं यह भी सामने आया है कि गुरप्रीत सिंह को पहले जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं। इसी कारण उसकी सुरक्षा के लिए एक गनमैन भी मुहैया करवाया हुआ था। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की पता लगाने में जुट गई है।