लुधियाना के जिला अदालत परिसर में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब तकनीकी खराबी के कारण पब्लिक लिफ्ट अचानक बीच में रुक गई। लिफ्ट में 2 वकील, 1 पुलिसकर्मी समेत कुल 17 लोग फंस गए। करीब 20 मिनट तक लोग अंदर ही फंसे रहे और मदद के लिए आवाज लगाते रहे।
2 वकीलों की बहादुरी से बची जान
स्थिति को गंभीर होते देख बाहर मौजूद एडवोकेट परमिंदर सिंह कुक्की और एडवोकेट राहुल शर्मा ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों के साथ मिलकर लिफ्ट का दरवाजा खोला।बताया जा रहा है कि लिफ्ट गेट से करीब 1 फीट नीचे अटक गई थी, जिसके चलते लोगों को खींचकर बाहर निकालना पड़ा। दोनों वकीलों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से सभी 17 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।घटना के बाद कोर्ट परिसर में लिफ्टों की मेंटेनेंस व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।