ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में इस समय गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने भी बढ़ती गर्मी को लेकर हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक 21 से लेकर 24 अप्रैल तक बेहद गर्मी पड़ेगी और लोगों को इन दिनों में खुद को संभल कर रहना होगा।
7 जिलों में हीटवेव की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब के लुधियाना, नवांशहर, रूपनगर, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली और पटियाला में अलग-अलग स्थानों पर हीटवेव जैसे हालात बन सकते हैं। धूप सुबह से ही तेज हो जाएगी, जबकि हीटवेव का असर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सबसे ज्यादा रहेगा।
23 अप्रैल से एक्टिव होगा वेस्टर्न डिस्टरबैंस
मौसम विभाग के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टरबैंस 23 अप्रैल से एक्टिव होगा। क्योंकि नया वेस्टर्न डिस्टरबैंस इसी तारीख को हिमालय के क्षेत्र को प्रभावित करेगा। पहाड़ों से तेज हवाएं चल रही हैं, जिनकी गति करीब 110 नॉट्स है।
लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी
वहीं भीषण गर्मी को लेकर लोगों को एडवाइजरी भी जारी की गई है। लोगों को गर्म और तली-भुनी चीजें खाने से परहेज करना चाहिए। गर्मी में गन्ने का जूस, तरबूज और खीरे खाने की सलाह दी गई है। क्योंकि यह शरीर को हाईड्रेट रखते हैं और पानी की कमी नहीं होने देते।