ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर ट्रक चालक से कथित तौर पर रिश्वत लेने के आरोप लगे हैं। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे मानवाधिकार कार्यकर्ता आरती ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है। वीडियो के साथ दावा किया गया है कि ‘नो एंट्री’ होने के बावजूद ट्रक चालक से 100 रुपये लेकर उसे शहर के भीतर प्रवेश की अनुमति दी गई।
दावा किया जा रहा है कि यह घटना जालंधर की मुख्य सब्जी मंडी के पास की है। वायरल वीडियो में ट्रैफिक पुलिसकर्मी अपनी सरकारी गाड़ी में बैठा दिखाई देता है। आरोप है कि ‘नो एंट्री’ जोन में ट्रकों को प्रवेश दिलाने के बदले अवैध वसूली की जा रही थी।
ट्रक चालक ने 100 रुपए देने की बात स्वीकार की
आरती और उनकी टीम का कहना है कि जब वे मौके पर पहुंचे तो एक ट्रक चालक पुलिसकर्मी की गाड़ी के पास पहुंचकर उसे पैसे दे रहा था। टीम ने मौके पर ही इसका विरोध किया। वीडियो में दावा किया गया है कि पूछताछ के दौरान ट्रक चालक ने स्वीकार किया कि उसने पुलिसकर्मी को 100 रुपये दिए थे।
वीडियो में पुलिसकर्मी और महिला के बीच हुई बहस
वायरल वीडियो में आरती और ट्रैफिक पुलिसकर्मी के बीच तीखी बहस भी दिखाई देती है। आरती ने पुलिसकर्मी से सवाल किया कि वह गाड़ी में बैठकर ड्यूटी क्यों कर रहा है और ट्रक चालक से किस बात के पैसे लिए गए। इस पर पुलिसकर्मी ने कहा कि उसने ट्रक को रोका था, लेकिन मौके पर कोई बैरिकेड नजर नहीं आने से उसके जवाब पर सवाल उठे।
अवैध वसूली के आरोप, पुलिस की प्रतिक्रिया का इंतजार
आरती ने दावा किया कि वह मानवाधिकार संगठन से जुड़ी हैं और उन्हें पिछले कई दिनों से इस इलाके में कथित अवैध वसूली और ट्रैफिक जाम की शिकायतें मिल रही थीं। उनका आरोप है कि जानबूझकर मौके पर बैरिकेड नहीं लगाए जाते ताकि दूर से किसी को कार्रवाई का आभास न हो और ट्रकों से पैसे लेकर उन्हें शहर में प्रवेश दिया जा सके।