ख़बरिस्तान नेटवर्क : उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। 10 लोगों को लेकर जा रही एक पिकअप वाहन गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की पुष्टि जिला अधिकारी नितिका खंडेलवाल ने की है।
अंतिम संस्कार से लौटते वक्त हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि सभी लोग हरिद्वार में एक परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका वाहन अचानक बेकाबू हो गया और करीब 984 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
दोहप 4:15 बजे हुआ हादसा
यह हादसा शाम करीब 4:15 बजे चंबा-कोटी सड़क पर नैल के पास हुआ। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार वाहन अचानक बेकाबू हो गया और देखते ही देखते गहरी खाई में समा गया। हादसे में घायल हुए दो लोगों की पहचान अंकित (35) और उत्तम कुमार (30) के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दुर्गम इलाके के बावजूद राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। रेस्क्यू टीमों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
सीएम धामी ने जताया दुख
इस हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं और बाबा केदार से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।