ख़बरिस्तान नेटवर्क : बटाला में सुबह-सुबह पुलिस ने एक गैंगस्टर का एनकाउंटर कर दिया है। जिसके बाद पुलिस ने जख्मी हालत में उसे गिरफ्तार कर लिया और उसे ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आरोपी की पहचान बलदेव सिंह के रूप में हुई है।
कपड़ा व्यापारी के घर चलाई थी गोलियां
जानकारी के मुताबिक आरोपी ने कुछ दिन पहले ही बटाला के एक कपड़ा व्यापारी को निशाना बनाया था। आरोपी ने कपड़ा व्यापारी के घर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। हालांकि निशाना चूक जाने के कारण गोलियां पड़ोसी के मकान में जा लगी थी। इस घटना के बाद से ही पुलिस लगातार हमलावरों की तलाश में जुट गई थी। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर चलाई गोलियां
गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूछताछ में आरोपी बलदेव सिंह ने खुलासा किया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया पिस्तौल उसने गांव उधनवाल के पास मानेस गांव नहर किनारे छिपाकर रखी है। पुलिस जब आरोपी को साथ बताए गए स्थान पर पहुंची, तो उसने छिपाया हथियार निकाल लिया और टीम पर फायरिंग कर दी।
जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लग गई, जिसके बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।