जालंधर में आज केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा 112.93 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गुरु नानक पुरा फाटक बी-67 और गढ़ा फाटक एस-4 रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाना है। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और रेलवे अधिकारी भी मौजूद रहे।हालांकि शिलान्यास समारोह शुरू होने से पहले उस समय अफरा-तफरी मच गई जब भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
जानकारी के अनुसार कालिया मीडिया से मुख्यमंत्री भगवंत मान की वायरल वीडियो से जुड़े विवाद पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें चक्कर आया और वह मंच पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं ने तुरंत उन्हें प्राथमिक सहायता उपलब्ध करवाई और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
दोनों आरओबी परियोजनाओं पर कुल 112.93 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें गुरु नानक पुरा आरओबी पर 48.95 करोड़ रुपये और गढ़ा आरओबी पर 63.98 करोड़ रुपये की लागत आएगी। गुरु नानक पुरा फाटक शहर के सबसे व्यस्त रेलवे क्रॉसिंगों में से एक है, जहां से प्रतिदिन करीब 110 रेलगाड़ियां गुजरती हैं। परियोजना शुरू होने के बाद यहां यातायात का डायवर्जन प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।