जालंधर के न्यू जवाहर नगर इलाके में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के घर पर छापेमारी की है। ईडी की टीम मंगलवार सुबह मौके पर पहुंची और घर में मौजूद दस्तावेजों व रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि पंजाब के विभिन्न शहरों में भी ईडी द्वारा एक साथ कार्रवाई की गई है।
हालांकि, संबंधित व्यापारी और सीए की पहचान को लेकर फिलहाल पुलिस या ईडी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार यह पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दी गई, जिसकी भनक स्थानीय प्रशासन और आम लोगों को पहले से नहीं लगने दी गई।
जानकारी यह भी सामने आई है कि जालंधर के दो नेताओं के घरों पर भी ईडी टीम के पहुंचने की सूचना है। छापेमारी की खबर के बाद कारोबारियों और व्यापारिक वर्ग में चिंता का माहौल देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी ईडी जालंधर में कार्रवाई कर चुकी है। पूर्व में ईडी ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चेयरमैन और राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर भी छापेमारी की थी। फिलहाल ईडी की मौजूदा कार्रवाई को लेकर अधिकृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।