ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के हरनामदासपुरा इलाके में वेस्ट एंड वेस्टर्न यूनियन टूर एंड ट्रेवल की दुकान पर हुई लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात में करीब 1 लाख 8 हजार रुपए की नकदी लूटी गई थी।
आरोपियों से लूटी हुई नगदी बरामद
डीसीपी मनप्रीत ढिल्लों ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरदीप और अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा और कुछ नगदी भी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
बीते दिन हुई थी घटना
पुलिस के अनुसार, घटना शाम 4:22 बजे हुई। जांच में पता चला कि आरोपी पहले दोपहर में दुकान की रेकी करने आए थे। बाद में जब उन्होंने देखा कि दुकान पर महिला अकेली है, तो एक आरोपी अंदर घुस गया और दूसरे की मदद से महिला को काबू कर तिजोरी से पैसे लेकर फरार हो गए। बाहर उनका तीसरा साथी एक्टिवा पर इंतजार कर रहा था।
सीसीटीवी फुटेज की आधार पर पकड़ा
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर एक को तुरंत काबू कर लिया। वहीं पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ पहले से दो मामले दर्ज हैं। इसके अलावा पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में 195 ग्राम हेरोइन और एक एक्टिवा भी बरामद की है।