ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के नगर निगम ज़ोन बी ऑफिस में शिरोमणि अकाली दल के पार्षद कमल अरोड़ा ने सुपरिटेंडेंट इंजीनियर प्रवीण सिंगला को उनके ही ऑफिस में थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना के बाद प्रवीण सिंगला बिना कुछ बताए अपने ऑफिस से निकल गए।
बात न सुनने के लगाए आरोप
अकाली दल पार्षद कमल अरोड़ा ने कहाकि वह नगर निगम ज़ोन बी में अपने वार्ड 20 नंबर के काम को लेकर आए थे। इस दौरान प्रवीण सिंगला को मिले और उन्हें कुछ फाइलों को पास करने के लिए कहा। लेकिन उन्होंने मेरी बातों को अनसुना कर दिया और कोई बात नहीं सुनी। जिसके बाद इसे लेकर ऑफिस में हमारी बहस होने लगी।
फाइलें पास नहीं करता था अधिकारी
इस मामले में पार्षद के भाई ने कहा कि वार्ड नंबर 20 की कई फाइलें अधिकारी प्रवीण सिंगला के पास रुकी हुई थी। बार-बार उनसे फाइलें पास करने को कहा गया, पर उन्होंने इसके बदले भाई को गालियां निकालनी शुरू कर दी। जिस कारण बहस होने लगी और माहौल खराब हो गया। जिसके बाद उनके साथ हाथापाई हो गई।
अभी मामले की जानकारी नहीं
वहीं इस मामले एडिशनल कमिश्नर नीरज जैन ने कहा कि अभी उन्हें मामले की जानकारी नहीं है जिनके साथ यह घटना घटित हुई है जब वह मेरे पास आएंगे तभी मामले का पता चल पाएगा।