दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को प्रदर्शन के दौरान हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए। दोपहर करीब 1:30 बजे LIC बिल्डिंग के पास कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया और कई वाहनों में तोड़फोड़ की।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। साथ ही आंसू गैस के गोले भी दागे गए। इस झड़प में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है।
इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने साफ कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक सरकार से बातचीत का कोई मतलब नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक, सरकार और CJP के प्रतिनिधियों के बीच आज दोपहर करीब 3:30 बजे तीसरे दौर की बातचीत हो सकती है। बैठक में सरकार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अपना रुख स्पष्ट कर सकती है।
36वें दिन भी जारी रहा प्रदर्शन
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के 36वें दिन भी हजारों समर्थक एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान 20 जुलाई के संसद मार्च में घायल एक प्रदर्शनकारी भी पैर पर प्लास्टर बांधकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीर हाथ में लेकर प्रदर्शन में शामिल हुआ।
पुलिस का दावा- 400 से ज्यादा फेक अकाउंट ब्लॉक
दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें फैलाने वाले 400 से अधिक अकाउंट ब्लॉक किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, ऐसे कई अकाउंट पहले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भी सक्रिय पाए गए थे।