जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। खराब मौसम के चलते माता वैष्णो देवी यात्रा आज भी लगातार चौथे दिन स्थगित रही। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला बरकरार रखा है।
फ्लैश फ्लड के कारण व्यक्ति तेज बहाव में बहा
वहीं, बडगाम जिले के बीरवाह और खाग इलाकों में अचानक आई फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) में एक व्यक्ति तेज बहाव में बह गया। घटना के तुरंत बाद SDRF, पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। कई इलाकों में जलभराव और नुकसान की भी खबरें सामने आई हैं।
मौसम विभाग ने कश्मीर घाटी में रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ समय तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। प्रशासन ने लोगों से नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा बिना जरूरी कारण यात्रा न करने की अपील की है।