ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए DIG विवेक शील सोनी का तबादला कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि उन्हें अमृतसर बॉर्डर रेंज में तैनात हुए अभी महज 11 दिन ही हुए थे। सरकार के इस फैसले को पुलिस महकमे में अचानक हुए महत्वपूर्ण फेरबदल के रूप में देखा जा रहा है।

हरमनबीर सिंह को सौंपी गई नई जिम्मेदारी
सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अब अमृतसर बॉर्डर रेंज की जिम्मेदारी आईपीएस अधिकारी हरमनबीर सिंह संभालेंगे। इससे पहले वह डीआईजी पीएपी, जालंधर के पद पर तैनात थे। नए आदेश के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
गृह विभाग ने जारी किए आदेश
यह आदेश पंजाब गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक शेखर की ओर से सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद 12 जून 2026 को चंडीगढ़ से जारी किया गया। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह तबादला तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
DGP कार्यालय में रिपोर्ट करेंगे विवेक सोनी
सरकारी आदेश के अनुसार IPS विवेक शील सोनी को फिलहाल कोई नई तैनाती नहीं दी गई है। उन्हें पुलिस महानिदेशक (DGP) कार्यालय में रिपोर्ट करने और अगले आदेशों की प्रतीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने दोनों अधिकारियों को बिना किसी देरी के अपने-अपने नए पदों का कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक स्तर पर हुए इस बदलाव को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।