पंजाब में मानसून की दस्तक के बावजूद बारिश की रफ्तार अभी धीमी बनी हुई है। लगातार उमस और बढ़ती गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मंगलवार को राज्य के अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने अगले 48 घंटे को अहम बताते हुए 8 और 9 जुलाई के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार को पंजाब के 21 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
पंजाब में 21 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर और पटियाला में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा और बठिंडा में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। अधिकांश इलाकों में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है।
गर्मी के कारण राज्य में बिजली की मांग भी बढ़ गई है। मंगलवार को बिजली की अधिकतम मांग 15,003 मेगावाट दर्ज की गई। इस दौरान पंजाब का अपना बिजली उत्पादन 4,673 मेगावाट रहा, जबकि केंद्रीय पूल से 10,578 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराई गई। ग्रिड की फ्रीक्वेंसी 50.05 हर्ट्ज दर्ज की गई।
भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के अनुसार, 7 जुलाई को भाखड़ा बांध का जलस्तर 1,567.02 फीट दर्ज किया गया। बांध में 38,018 क्यूसेक पानी की आवक हुई, जबकि 23,229 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं पौंग बांध का जलस्तर 1,318.71 फीट रहा, जहां 17,875 क्यूसेक पानी आया और 15,500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
अगले 2-3 दिनों में पूरे राज्य में छाएगा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पंजाब के बाकी हिस्सों में भी पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। फिलहाल राज्य के केवल दो जिले ही मानसून की पूर्ण पहुंच से बाहर हैं। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मानसून को और मजबूती मिलेगी, जिससे आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला तेज होने और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।