मोहाली नगर निगम को आज नया मेयर मिल गया है । आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और विधायक कुलवंत सिंह के बेटे सरबजीत सिंह समाना को मेयर चुना गया। मेयर चुनाव के दौरान कांग्रेस ने मतदान प्रक्रिया का बहिष्कार किया, जबकि शिरोमणि अकाली दल के पार्षदों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
चुनाव प्रक्रिया को लेकर नगर निगम भवन में सुरक्षा और गोपनीयता के विशेष इंतजाम किए गए थे। सभी पार्षदों के मोबाइल फोन गेट पर ही जमा करवाए गए और एंट्री दर्ज करने के बाद ही उन्हें सदन में प्रवेश की अनुमति दी गई।
मेयर चुने जाने के बाद पंजाब AAP के प्रधान अमन अरोड़ा ने सरबजीत समाना को मेयर की कुर्सी पर बैठाकर बधाई दी। चुनाव के दौरान विधायक कुलवंत सिंह की अगुवाई में AAP के सभी पार्षद नगर निगम पहुंचे। इससे पहले उनके निवास पर लंच का आयोजन भी किया गया था, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
गौरतलब है कि मोहाली नगर निगम चुनाव 26 मई को हुए थे और 29 मई को नतीजे घोषित किए गए थे। 50 सदस्यीय निगम में बहुमत के लिए 26 वोटों की आवश्यकता थी। AAP ने 27 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था, जबकि कांग्रेस को 12, शिरोमणि अकाली दल को 4, भाजपा को 3 और 4 सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गई थीं। स्थानीय विधायक का वोट मिलाकर AAP के पास कुल 28 वोट थे।
इससे पहले अमरजीत सिंह जीती सिद्धू मोहाली के मेयर बने थे
इससे पहले वर्ष 2021 में कांग्रेस के अमरजीत सिंह जीती सिद्धू मोहाली के मेयर बने थे। हालांकि इस बार उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा। उनके परिवार से कांग्रेस उम्मीदवार कंवरबीर सिंह रूबी सिद्धू चुनाव मैदान में थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।