देशभर में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। कई राज्यों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हुआ है। महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हालात चिंताजनक बने हुए हैं।
3 हजार LPG सिलेंडर बहे
महाराष्ट्र के रायगढ़ में पातालगंगा नदी में बाढ़ आने के बाद एक LPG बॉटलिंग प्लांट से करीब 3 हजार गैस सिलेंडर बह गए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं सिलेंडर दिखाई दें तो उन्हें हाथ न लगाएं और तुरंत प्रशासन को सूचना दें।
मध्य प्रदेश में बुधवार को 27 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई। दमोह में सबसे ज्यादा 1.75 इंच बारिश हुई, जबकि खरगोन में रूपारेल नदी के तेज बहाव में एक युवक बह गया।
भारी बारिश के कारण मकान ढह गया
राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में भारी बारिश के कारण एक मकान ढह गया, जिसमें पति-पत्नी समेत तीन लोग मलबे में दब गए। तीनों को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अलवर में भी जलभराव से सड़कें डूब गईं।
दिल्ली में गुरुवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने राजधानी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
गुजरात के सूरत में लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। पिछले तीन दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 19 लोगों की मौत हो चुकी है।वहीं पुणे में भारी बारिश के बीच कचरे का बड़ा ढेर तीन मंजिला इमारत पर गिरने से इमारत ढह गई। इसके अलावा लोनावला-करजत रेलखंड में भूस्खलन के कारण कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है।
उधर उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री नेशनल हाईवे पर भूस्खलन के बाद मलबा हटाने का काम जारी है, जबकि उत्तर प्रदेश के आगरा में तेज बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।