पंजाब के जालंधर जिले के भोगपुर क्षेत्र में जम्मू नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। किशनगढ़ के पास दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में 2 साल के बच्चे समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी कार में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
श्री हजूर साहिब के दर्शन के लिए जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार श्री हजूर साहिब के दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
कारों की टक्कर में 2 साल के बच्चे समेत 4 की मौत
हादसे में एक फौजी, उनकी पत्नी, उनका 2 वर्षीय बेटा और एक अन्य महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी कार में सवार पांच लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।