जालंधर के संविधान चौक (बीएमसी चौक) के पास शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार ऑडी कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने तुरंत थाना-4 की पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ऑडी कार बीएसएफ चौक की तरफ से संविधान चौक की ओर आ रही थी। तेज रफ्तार होने के कारण चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और कार पलट गई। हादसे के दौरान कार ने आगे चल रही एक अन्य गाड़ी को भी चपेट में ले लिया।
मौके से गुजर रहे पूर्व विधायक Rajinder Beri ने बताया कि हादसा ओवरस्पीड के कारण हुआ प्रतीत होता है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस को कार के अंदर से शराब की बोतलें भी मिली हैं। लोगों ने आशंका जताई कि चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था।
थाना-4 की एसएचओ अनु पलयाल ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच की जा रही है।