अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टाइम्स स्क्वायर के पास अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में मौजूद सैकड़ों लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लोगों को घबराकर भागते हुए देखा जा सकता है।
न्यूयॉर्क पुलिस (NYPD) ने बताया कि घटना के तुरंत बाद संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया। वहीं, न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट के अनुसार एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया है। हालांकि उसकी स्थिति और पहचान को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
यह घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 3:40 बजे हुई, जब NBA चैंपियन न्यूयॉर्क निक्स की जीत का जश्न मनाने के लिए लोअर मैनहट्टन की सड़कों पर भारी भीड़ जुटी हुई थी। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने करीब 10 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की थी।
पुलिस के मुताबिक, फायरिंग टाइम्स स्क्वायर के बेहद व्यस्त इलाके में हुई, जहां परेड और जश्न में शामिल हजारों लोग मौजूद थे। वायरल वीडियो में गोली चलने के बाद पूरे इलाके में भगदड़ जैसे हालात बनते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि गोलीबारी एक खड़ी पुलिस गाड़ी से कुछ ही मीटर की दूरी पर हुई।
गौरतलब है कि 16 जून को भी टाइम्स स्क्वायर में फायरिंग की घटना सामने आई थी। उस दौरान न्यूयॉर्क निक्स की NBA चैंपियनशिप जीत के बाद जश्न के बीच अचानक गोलियां चलने से लोगों में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से लोडेड पिस्तौल भी बरामद की थी।