मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता केएस मक्खन ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से चल रहे फर्जी फेसबुक पेजों को लेकर लोगों को सतर्क किया है। एक वीडियो संदेश जारी कर उन्होंने कहा कि उनके नाम का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है और ऐसे पेजों के खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
केएस मक्खन ने बताया कि उनका केवल एक ही आधिकारिक फेसबुक पेज ‘KS Makhan Official’ है, जिस पर ब्लू टिक लगा हुआ है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सिर्फ इसी वेरिफाइड पेज पर भरोसा करें। उन्होंने साफ कहा कि फर्जी पेजों पर होने वाली किसी भी पोस्ट, विवाद या अभद्र टिप्पणी से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
इसी दौरान केएस मक्खन ने अपने पैतृक गांव शंकर में फिल्म ‘सतलुज’ की विशेष स्क्रीनिंग का भी ऐलान किया। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई को शाम 8 बजे गांव के पत्ती तक्खर इलाके में फिल्म दिखाई जाएगी और लोगों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की।
मक्खन ने कहा कि फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज नहीं होने दिया गया, इसलिए अब इसकी स्क्रीनिंग गांवों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर की जा रही है। उन्होंने फिल्म को सच्चाई पर आधारित बताते हुए कहा कि इसमें कोई राजनीति नहीं, बल्कि सच की आवाज को दबाने की कहानी दिखाई गई है।