पंजाब पुलिस में 3,298 कांस्टेबल (जिला एवं आर्म्ड कैडर) भर्ती-2026 के लिए परीक्षा की तारीख घोषित कर दी गई है। विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 1 जुलाई 2026 से शुरू होगी। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जल्द ही जारी किए जाएंगे।
पंजाब पुलिस ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी अपडेट्स और एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।
गौरतलब है कि पंजाब पुलिस ने मार्च 2026 में इस भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत की थी। भर्ती के तहत जिला कैडर में 2,522 और आर्म्ड कैडर में 776 पदों को भरा जाना है। प्रारंभिक तौर पर आवेदन की अंतिम तिथि 30 मार्च 2026 निर्धारित की गई थी, लेकिन बाद में आवेदन लिंक दोबारा खोलते हुए इसे 5 मई 2026 तक बढ़ा दिया गया था।
आवेदन की तिथि बढ़ाए जाने के कारण भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। अब अभ्यर्थियों को परीक्षा और एडमिट कार्ड जारी होने का इंतजार है।