ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर के समय तेज हवाएं चलने लगीं और आसमान में घने बादल छा जाने से दिन में ही अंधेरे जैसा माहौल बन गया। इसके कुछ ही देर बाद शुरू हुई बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत पहुंचाई। लंबे समय बाद मौसम सुहावना होने से शहरवासियों के चेहरे खिल उठे।
बारिश का लोगों ने लिया भरपूर आनंद
मौसम में आए इस बदलाव का लोगों ने खुलकर आनंद लिया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ युवक बारिश में भीगते नजर आए, जबकि बच्चे भी बारिश के पानी में मस्ती करते दिखाई दिए। कई स्थानों पर लोगों ने घरों की छतों और गलियों में खड़े होकर बारिश का आनंद उठाया।
जलभराव ने उजागर की व्यवस्थाओं की स्थिति
बारिश शुरू होते ही शहर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा होना शुरू हो गया। कई सड़कें कुछ ही समय में जलमग्न दिखाई दीं, जिससे नगर निगम की तैयारियों पर सवाल उठने लगे।
लोगों का कहना है कि मानसून की शुरुआत से पहले सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम की बेहतर सफाई नहीं की गई, जिसके कारण हल्की बारिश में भी जलभराव की समस्या सामने आ रही है। इससे पहले हुई बारिश के दौरान भी शहर के कई हिस्सों में लोगों को इसी तरह की परेशानी झेलनी पड़ी थी।
अगले 4 दिन मौसम रहेगा सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में अगले 4 दिनों तक मानसून का असर बना रहेगा। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।