भारत-पाकिस्तान सीमा पर बहने वाली रावी नदी का जलस्तर बढ़ने से गाहलड़ी हेड के सामने बना धुस्सी बांध एक बार फिर टूट गया। बांध टूटते ही नदी का पानी तेजी से गांव गाहलड़ी समेत आसपास के कई गांवों और कृषि भूमि में फैल गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
अचानक जलस्तर बढ़ने के कारण ग्रामीणों को संभलने का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते पानी गांव की गलियों और खेतों में भर गया। लोग अपने घरों का सामान और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने में जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। जिला प्रशासन ने भी हालात का जायजा लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की गई है।
शासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील
फिलहाल किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन खेतों में पानी भरने से फसलों को भारी क्षति होने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।