ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में बीती रात बोलेरो गाड़ी चला रहे व्यक्ति को अचानक हार्ट अटैक आ गया। जिस कारण उसने गाड़ी से अपना कंट्रोल खो दिया और गाड़ी सीधा जाकर सड़क किनारे खड़ी एक्टिवा से टकरा गई। हादसे के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और व्यक्ति को सीपीआर दिया और अपनी गाड़ी में अस्पताल पहुंचाया। जिस कारण व्यक्ति की जान बच पाई।
हादसे के बाद चकनाचूर हुई गाड़ी
चश्मदीदों के मुताबिक दुबई कॉलोनी की गली में एक घर के बाहर एक्टिवा खड़ी थी। इसी दौरान तेज बोलेरो गाड़ी आई और उसने एक्टिवा को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि हादसे में किसी का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पर एक्टिवा पूरी तरह से चकनाचूर हो गई।
वहीं बोलेरो गाड़ी में एक महिला भी थी। जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गई। जिसके बाद पुलिस को इस घटना के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस ने सीपीआर दिया, अपनी गाड़ी में पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने देखा कि गाड़ी के अंदर व्यक्ति की हालत काफी नाज़ुक बनी हुई हैं और उसकी सांसे थम रही है। पुलिसकर्मियों ने तुरंत व्यक्ति को सीपीआर दिया और अपनी गाड़ी में बैठाकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।