पंजाब के सबसे महंगे टोल प्लाजा में शामिल लाडोवाल टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहन चालकों को अब पहले से अधिक टोल टैक्स चुकाना होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने करीब चार महीने के भीतर दूसरी बार टोल दरों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
नई दरों के अनुसार अब कार, जीप और वैन जैसे लाइट मोटर व्हीकल चालकों को सिंगल जर्नी के लिए 225 रुपए की जगह 235 रुपए देने होंगे। वहीं, 24 घंटे के भीतर रिटर्न जर्नी करने पर अब 350 रुपए का भुगतान करना होगा।
गौरतलब है कि इससे पहले 1 अप्रैल 2026 को भी कारों के टोल में 5 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। अब एक बार फिर 10 रुपए की वृद्धि कर दी गई है। अलग-अलग श्रेणियों के वाहनों के लिए सिंगल जर्नी टोल में 10 से 60 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है।
जानिए किस वाहन पर कितना बढ़ा टोल
कार, जीप और वैन: सिंगल जर्नी 225 से बढ़कर 235 रुपए, रिटर्न 350 रुपए।
छोटे कमर्शियल वाहन और मिनी बस: सिंगल जर्नी 365 से बढ़कर 380 रुपए, रिटर्न 570 रुपए।
दो एक्सल वाली बस और ट्रक: सिंगल जर्नी 765 से बढ़कर 795 रुपए, रिटर्न 1,190 रुपए।
थ्री-एक्सल कमर्शियल वाहन: सिंगल जर्नी 830 से बढ़कर 865 रुपए, रिटर्न 1,300 रुपए।
भारी मशीनरी और मल्टी-एक्सल वाहन: सिंगल जर्नी 1,195 से बढ़कर 1,245 रुपए, रिटर्न 1,865 रुपए।
7 या उससे अधिक एक्सल वाले बड़े वाहन: सिंगल जर्नी 1,455 से बढ़कर 1,515 रुपए, जबकि रिटर्न 2,270 रुपए कर दिया गया है।
मंथली पास भी हुआ महंगा
रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को भी बड़ा झटका लगा है। आम वाहन चालकों के लिए मासिक पास की कीमत बढ़ाकर 7,815 रुपए कर दी गई है, जिससे नौकरीपेशा लोगों और छोटे कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
स्थानीय लोगों को राहत
हालांकि, टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय गैर-व्यावसायिक वाहन मालिकों के लिए राहत बरकरार रखी गई है। उनके मासिक पास की कीमत 360 रुपए ही रहेगी। वहीं, लुधियाना में पंजीकृत कमर्शियल वाहनों के लिए भी टोल दरें 115 से 755 रुपए के बीच सीमित रखी गई हैं।
8 अन्य टोल प्लाजा पर भी बढ़ीं दरें
लाडोवाल के अलावा कालाझर, लहराबेगा, कोट करोर, घुलाल, काला टिब्बा, खुइयां सरवर, शेखपुरा और पैंद टोल प्लाजा पर भी कारों के टोल में 5 से 10 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। बसों, ट्रकों और अन्य व्यावसायिक वाहनों की नई दरें भी लागू हो चुकी हैं।
क्यों बढ़ाया गया टोल?
NHAI के अनुसार, पंजाब और हरियाणा के 50 से अधिक टोल प्लाजा पर यूजर फीस में संशोधन किया गया है। यह बढ़ोतरी थोक मूल्य सूचकांक (WPI) आधारित 1.641 लिंकिंग फैक्टर को दोबारा लागू करने और टोल शुल्क निर्धारण के नए फ्रेमवर्क के तहत की गई है।