चंडीगढ़ के रास्ते मानसून ने पंजाब में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून एक दिन की देरी से 1 जुलाई को पंजाब पहुंचा। यह अंबाला और पंचकूला से होते हुए चंडीगढ़ पहुंचा और फिर रोपड़, होशियारपुर और पठानकोट की ओर बढ़ गया।
मानसून की एंट्री के साथ ही चंडीगढ़, मोहाली, गुरदासपुर और पठानकोट में तेज बारिश हुई। पठानकोट में करीब 5 घंटे की बारिश के बाद कई सड़कों पर 3 से 4 फीट तक पानी भर गया। वहीं खड्डी नाला उफान पर आ गया। जालंधर में तेज आंधी के कारण कोर्ट रोड पर एक पेड़ गिरने से दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
मौसम विभाग ने पूरे पंजाब और चंडीगढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं (40 से 50 किमी/घंटा) और बारिश की संभावना है। विभाग के अनुसार, गुरुवार तक मानसून पंजाब के बाकी जिलों में भी पहुंच जाएगा।बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।