पंजाब के पूर्व मंत्री और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया आज 3 फरवरी की सुबह साढ़े 10 बजे पटियाला की नाभा जेल से रिहा होंगे। यह जानकारी उनकी पत्नी गनीव कौर मजीठिया ने सोमवार शाम सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी।

गनीव कौर मजीठिया ने पोस्ट में लिखा, “गुरु साहिब जी का कोटि-कोटि शुक्राना। मेरे सभी भाइयों-बहनों, समस्त शुभचिंतकों और दल के नेतृत्व का दिल से धन्यवाद। माननीय सुप्रीम कोर्ट ने बिक्रम सिंह मजीठिया को जमानत दी। गुरु साहिब की रहमत, न्याय व्यवस्था पर विश्वास और सच की जीत हुई है। मजीठिया कल सुबह साढ़े 10 बजे नाभा जेल से बाहर आएंगे।”
मजीठिया की रिहाई को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस पर तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “कल बन जाए, भले आज बन जाएं। अदालतों का भगवान ही रखवाला, जहां मुलाकाती ही जज बन जाएं।”
उधर, मजीठिया की रिहाई की खबर से उनके समर्थकों में खासा उत्साह है। संभावना है कि पटियाला स्थित नाभा जेल के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक जुटेंगे और मजीठिया का जोरदार स्वागत किया जाएगा। इसी को देखते हुए जेल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
गौरतलब है कि बिक्रम सिंह मजीठिया को सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से आय से अधिक संपत्ति के मामले में जमानत मिली थी। वे पिछले करीब सात महीने से नाभा जेल में बंद थे। उनके वकील के मुताबिक, अब ट्रायल कोर्ट तय प्रक्रिया के तहत उनकी जमानत पर कुछ शर्तें लगा सकती है।