संसद की कार्यवाही के दौरान आज लोकसभा में भारी हंगामा देखने को मिला। हंगामे के बीच कुछ सांसदों ने सदन की मर्यादा तोड़ते हुए स्पीकर की कुर्सी की ओर कागज फेंके। इस मामले को गंभीर मानते हुए आठ सांसदों को मौजूदा सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया।
हंगामे और शोर-शराबे के कारण लोकसभा की कार्यवाही कई बार रोकनी पड़ी। दोपहर करीब तीन बजे जब चौथी बार कार्यवाही शुरू हुई, तो पीठासीन अधिकारी ने साफ कहा कि स्पीकर की ओर कागज फेंकने वाले सांसदों के नाम दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने संबंधित सांसदों को निलंबित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन मंजूरी दे दी।
गुरजीत औजला समेत 8 सांसद सस्पेंड
निलंबित किए गए सांसदों में डीन कुरियाकोस, किरण रेड्डी, अमरिंदर सिंह राजा वड़िग, मणिकम टैगौर, गुरजीत औजला, हिबी इडेन, वेंकेट रमन और प्रशांत पडोले शामिल हैं।
इस दौरान राहुल गांधी को बोलने की अनुमति न मिलने पर विवाद और बढ़ गया। इसके विरोध में समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी सांसदों ने भी बोलने से इनकार कर दिया और सदन के वेल में पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी। हालात बिगड़ने के बाद लोकसभा की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है।