ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में भार्गव कैंप इलाके में वीरवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब 5 हथियारबंद लुटेरों ने विजय ज्वैलर्स की दुकान में घुसकर पिस्तौल के बल पर लाखों रुपए नकद और सोने के गहने लूट लिए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बताया जा रहा है कि जैसे ही ज्वैलर विजय ने अपनी दुकान खोली, उसी समय पांच लुटेरे वहां पहुंचे। 3 हथियारबंद बदमाश दुकान के अंदर घुसे और पिस्तौल तानकर विजय और उसके बेटे को धमकाया। कुछ ही मिनटों में बदमाश गहने और नकदी समेटकर फरार हो गए। लूट के दौरान लुटेरों ने दुकान के शीशे भी तोड़ दिए। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।
शहर में बिगड़ चुकी है कानून व्यवस्था
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके के व्यापारियों में भारी रोष है। सुनियारा समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है और किसी भी दुकानदार की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं है। उनका कहना है कि लुटेरों ने पहले रेकी की और फिर प्लान बनाकर वारदात को अंजाम दिया।