ख़बरिस्तान नेटवर्क : नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने कीरतपुर से नंगल के बीच सड़क को फोरलेन करने के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह फैसला चंडीगढ़ से हिमाचल प्रदेश के चिंतपूर्णी, ज्वालाजी और धर्मशाला जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
यात्रा होगी आसान, हादसों में आएगी कमी
फोरलेन सड़क बनने से जहां यात्रियों का सफर सुगम होगा, वहीं सड़क हादसों में भी कमी आने की उम्मीद है। मौजूदा समय में इस मार्ग पर ट्रैफिक और संकरी सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती थीं।
लंबे समय से की जा रही थी मांग: हरजोत सिंह बैंस
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि इस सड़क को फोरलेन करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। परियोजना के तहत अधिग्रहण की जाने वाली जमीन के खसरा नंबर भी जारी कर दिए गए हैं। लोग संबंधित अथॉरिटी कार्यालय में जाकर पूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
सर्वे और DPR पहले ही हो चुकी तैयार
जानकारी के अनुसार, जुलाई 2022 में इस सड़क परियोजना का सर्वे किया गया था, जबकि वर्ष 2023 में इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की गई। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय और NHAI से सभी तकनीकी और प्रशासनिक मंजूरियां मिलने के बाद अब काम शुरू होने की तैयारी है।
धार्मिक और पर्यटन स्थलों को मिलेगा लाभ
यह सड़क तख्त श्री केशगढ़ साहिब (श्री आनंदपुर साहिब), श्री कीरतपुर साहिब, माता नैना देवी, माता चिंतपूर्णी और माता ज्वालाजी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ती है। इसके अलावा यह मार्ग धर्मशाला तक जाता है, जिससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ पर्यटकों को भी बड़ा लाभ होगा।
NH-503 के खतरनाक हिस्से को किया जाएगा चौड़ा
नोटिफिकेशन के अनुसार, NH-503 पर रूपनगर जिले में 44.7 किलोमीटर से 61.7 किलोमीटर तक के हिस्से को फोरलेन किया जाएगा। आनंदपुर साहिब से नंगल तक का यह हिस्सा काफी खतरनाक माना जाता था, जहां रोजाना हादसे होते थे। सरकार इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की कोशिश कर रही है।



