श्री गुरु तेगबहादुर जी की 350वीं शहीदी शताब्दी को पंजाब सरकार भव्य स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है। इस ऐतिहासिक समारोह में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान स्वयं दिल्ली जाकर उन्हें निमंत्रण सौंपेंगे।
इसके अलावा, पड़ोसी राज्य हरियाणा समेत देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी इस आयोजन में शामिल होने का न्योता दिया जाएगा। इसके लिए मंत्रियों की विशेष टीमों का गठन किया गया है और सभी के जिम्मे अलग-अलग राज्यों की ड्यूटी तय कर दी गई है।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और मंत्री लालचंद कटारुचक पश्चिम बंगाल, असम और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण देंगे। अमन अरोड़ा और तरुणप्रीत सौंध दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात और उत्तराखंड जाएंगे। वहीं डॉ. बलबीर सिंह और हरदीप सिंह मुंडिया छत्तीसगढ़ और झारखंड के मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित करेंगे।
मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ और बरिंदर कुमार गोयल केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुदुचेरी का दौरा करेंगे। इसी तरह मंत्री हरजोत सिंह बैंस और पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के सलाहकार दीपक बाली महाराष्ट्र, बिहार, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण देंगे।
पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर ली गई है और इसे ऐतिहासिक व गरिमामय बनाने की दिशा में सरकार ने सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं।