ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में कलयुगी पिता ने रो रही 5 साल की मासूम बच्ची को चुप कराने के लिए उसे गला घोंट कर मार दिया। जैसे ही यह खबर सामने आई हर कोई सोचने पर मजबूर हो गया कि कोई बाप अपनी मासूम बेटी को कैसे मार सकता है। वहीं अब इस मामले पर पुलिस ने कई अहम खुलासे किए हैं।
रोज शराब पीने का आदी था आरोपी
एसपी हरमिंदर सिंह गिल ने बताया कि आरोपी अरविंद की पत्नी लोगों के घरों में काम करती है। परिवार में डेढ़ साल का बच्चा और 5 वर्षीय बच्ची है। घटना के दौरान बच्ची खाने के लिए जिद कर रही थी और रो रही थी। जिसके बाद आरोपी ने बच्ची का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। जांच में सामने आया है कि आरोपी सुबह से शराब का सेवन करना शुरू देता था और पत्नी के साथ भी मारपीट करता रहता था।
पत्नी और बच्चों के साथ अक्सर करता था मारपीट
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कोई कामकाज नहीं करता था। अक्सर वह पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था। 3 फरवरी को निहारिका की मां काम पर गई हुई थी और घर में सिर्फ अरविंदर और बच्ची मौजूद थे। इस दौरान अरविंद शराब पी रहा था। दोपहर करीब ढाई बजे निहारिका भूख लगने पर रोने लगी।
जब वह चुप नहीं हुई तो उसने उठाकर पटक दिया। आरोपी ने अपनी बच्ची को तब तक पटका जब तक वह चुप नहीं हुई। जब इसके बावजूद भी बच्ची चुप नहीं हुई तो उसने अपनी ही मासूम बेटी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को 2 दिन की रिमांड पर भेजा
कुछ देर बाद जब पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली तो घर में मातम पसर गया। मां पर टूटा दुखों का पहाड़ काम से लौटने पर जब निहारिका की मां को बेटी की मौत की खबर मिली तो वह बदहवास हो गई। निहारिका उसकी इकलौती बच्ची थी। पुलिस ने आरोपी अरविंदर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।