पटना पुलिस ने पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को 31 साल पुराने मामले में शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान चोट लगने और तबीयत बिगड़ने के बाद शनिवार सुबह उन्हें पटना के IGIMS से PMCH लाया गया, जहां वे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती हैं। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें शुगर और हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है, सिर में दर्द और धड़कन बढ़ने की शिकायत के चलते इलाज किया जा रहा है।
पप्पू यादव समेत तीन के खिलाफ गिरफ्तारी का आदेश
पटना सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि यह मामला वर्ष 1995 का है, जिसमें ट्रायल चल रहा था। तय तारीख पर कोर्ट में पेश न होने के कारण विशेष अदालत ने पप्पू यादव समेत तीन आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी का आदेश जारी किया था।
तीन घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला
शुक्रवार रात करीब 12 बजे पटना पुलिस की टीम पप्पू यादव के मंदिरी स्थित आवास पहुंची। करीब तीन घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। इस दौरान पप्पू यादव ने रात में गिरफ्तारी पर आपत्ति जताई और सुरक्षा को लेकर आशंका जताई। गिरफ्तारी के समय वे बेहोश हो गए, जिसके बाद उनके समर्थकों में आक्रोश फैल गया और पुलिस से झड़प की स्थिति बन गई।
गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव को पहले मेडिकल जांच के लिए IGIMS ले जाया गया, जहां से शनिवार सुबह उन्हें स्ट्रेचर पर PMCH शिफ्ट किया गया। पुलिस के अनुसार, उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा और आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देश पर होगी।