पंजाब के लुधियाना में जामा मस्जिद, जेल रोड के बाहर शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवीं समेत तीन लोगों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने शाही इमाम, मस्जिद कार्यालय के प्रबंधक और एक अन्य व्यक्ति पर ईंटें बरसाईं, जिससे तीनों घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
दुकानों को लेकर चल रहे विवाद के चलते हमला
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हमला मस्जिद परिसर में बनी दुकानों को लेकर चल रहे विवाद के चलते किया गया। थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान ब्राउन रोड निवासी उबैद-उर-रहमान, उसके बेटे अतीक-उर-रहमान और मोहम्मद अहमद के रूप में हुई है।
मस्जिद कार्यालय प्रभारी मोहम्मद मुजाहिद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जामा मस्जिद का नवीनीकरण कार्य चल रहा है, जिसकी निगरानी स्वयं शाही इमाम कर रहे थे। 1 फरवरी को जब शाही इमाम मस्जिद पहुंचे, तभी आरोपी वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने ईंटों से हमला कर दिया।
शिकायत के अनुसार, बीच-बचाव करने आए मोहम्मद मुजाहिद और शाह नवाज के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद आसपास के लोग जमा हो गए, जिस पर आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस को सूचना देकर मामला दर्ज कराया गया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मस्जिद परिसर में बनी कुछ व्यावसायिक दुकानों को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। आरोपी इन दुकानों पर अपना मालिकाना हक जता रहे थे। नवीनीकरण के दौरान यह विवाद और बढ़ गया। समझौते की कोशिश नाकाम रहने के बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।